

बिलासपुर। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में शुक्रवार को जमकर हंगामे का मामला सामने आया है। कथित हिंदू नेता रामसिंह ठाकुर पर अस्पताल के सुरक्षा गार्डों से अभद्रता और हाथापाई करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो NICU के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

जानकारी के अनुसार, रामसिंह ठाकुर अस्पताल के संवेदनशील NICU क्षेत्र में जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भड़क उठा। आरोप है कि इस दौरान उसने गार्डों के साथ धक्का-मुक्की की और महिला नर्सों व स्टाफ के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी भी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, NICU के बाहर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन और स्टाफ भी इस घटना से सहमे नजर आए। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया, जिसमें पूरी हरकत रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है।
सिम्स प्रबंधन का कहना है कि अस्पताल एक संवेदनशील स्थान है, जहां मरीजों की सुरक्षा और उपचार सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन और स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर रहा है और संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल परिसर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल स्टाफ में नाराजगी का माहौल है। कर्मचारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, सोशल मीडिया में CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।



