

कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजन और ग्रामीण पहुंचे एसएसपी कार्यालय, दादा की आंखों से छलका दर्द..

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी से एक युवती के लापता होने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए युवती के माता-पिता, दादा और बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। इस दौरान युवती के दादा अपना दर्द बयां करते हुए फूट-फूटकर रो पड़े, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पोड़ी निवासी 25 वर्षीय युवती 5 मई से घर से लापता है। उसी दिन गांव में पंचर की दुकान चलाने वाला शाहिद अफरीदी नामक युवक भी गायब बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि युवक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और करीब 10 साल पहले ग्राम पोड़ी में आकर बस गया था। यहां वे पंचर बनाने का काम करते हैं। परिजनों का कहना है कि युवक के परिवार को दोनों के ठिकाने की जानकारी है, लेकिन वे कुछ बताने से बच रहे हैं।


पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने रतनपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने केवल गुमशुदगी दर्ज कर मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजन और ग्रामीण एसएसपी कार्यालय पहुंचे और जल्द से जल्द युवती को खोजने तथा मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस लगातार पतासाजी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिलेगी।



