रायगढ़। शहर में चोरों ने एक बार फिर सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में एक ठेकेदार के घर से अज्ञात चोर करीब 10 लाख रुपये नकद और महंगी स्कॉच की बोतल चोरी कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज में एक नकाबपोश संदिग्ध नजर आया है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार ढिमरापुर स्थित वृंदावन कॉलोनी निवासी आनंद कुमार सिंघानिया एनटीपीसी लारा प्लांट में कॉन्ट्रैक्टर हैं। वह रविवार को अपनी पत्नी के साथ झारसुगुड़ा गए थे। उस समय उनका मकान पूरी तरह सूना था। बताया गया कि इसी दौरान घर का केयरटेकर भी वहां से चला गया था। मंगलवार सुबह आनंद के कुक ने फोन कर मकान का ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आनंद अपनी पत्नी के साथ रायगढ़ लौटे और घर पहुंचकर अंदर की स्थिति देखी।
घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर अलमारी में रखे 10 लाख रुपये नकद गायब मिले। इसके साथ ही चोर घर में रखी एक महंगी स्कॉच की बोतल भी अपने साथ ले गया। यह बोतल आनंद को उनके एक दोस्त ने गिफ्ट की थी। बड़ी रकम और महंगी शराब की बोतल चोरी होने से मामला और भी चर्चा में आ गया है।
देखें CCTV वीडियो..
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद से भी चोर के संभावित रास्ते और अन्य सुराग तलाशने का प्रयास किया। वहीं मकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। फुटेज में एक नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दिया है, जिसके आने-जाने के समय और गतिविधियों की जांच की जा रही है।
पुलिस अब घर के आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी जुटा रही है, ताकि संदिग्ध के आने और वारदात के बाद भागने का रास्ता स्पष्ट हो सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोर को घर में बड़ी रकम रखे होने की जानकारी थी या उसने महज सूना मकान देखकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के समय घर के मालिक और उनकी पत्नी के बाहर होने के साथ ही केयरटेकर के भी घर पर मौजूद नहीं रहने को पुलिस जांच का अहम बिंदु मान रही है। फिलहाल अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।







