शरद उत्सव में सजी साहित्य की महफिल, कवियों की रचनाओं ने मोहा मन..

‘कविता चौपाटी से…’ के आयोजन में गीतों और कविताओं की प्रस्तुति, अवधेश अग्रवाल की दो रचनाओं का हुआ अनावरण..

बिलासपुर। शरद पूर्णिमा के अवसर पर 23 अक्टूबर को रिवर व्यू में ‘कविता चौपाटी से…’ के तत्वावधान में शरद उत्सव एवं कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कविता, गीत और साहित्यिक अभिव्यक्तियों से सजी इस संध्या में आमंत्रित रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर किया। कार्यक्रम में शरद पूर्णिमा पर आधारित विशेष गीत प्रस्तुत किए गए, वहीं अवधेश अग्रवाल (भारत) की दो रचनाओं का अनावरण भी किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव अग्रवाल ने की, जबकि द्वारिका वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से जीवन के विभिन्न पहलुओं और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त किया। श्रोताओं ने काव्य पाठ का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में पारंपरिक खीर का वितरण किया गया।

विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे रचनाकार..

कवि सम्मेलन में डॉ. सुधाकर बिवे (भाटापारा), राकेश अयोध्या (हिर्री माइंस), किशोरी साहू (गोड़पारा), रश्मी गुप्ता (आर.के. नगर), अशरफी सोनी (सरकंडा), शैलेन्द्र गुप्ता (नेहरू नगर) और शिशिर मौर्य (ढेका) सहित आमंत्रित कवियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर राजेन्द्र मौर्य, महेश श्रीवास, रामेश्वर गुप्ता, राधेश्याम सोनवानी, महेतरु मधुकर, दिलीप दिलफ़रोश, दीपक दुबे, पूर्णिमा तिवारी, पूजा मौर्य, गजानंद पात्रे ‘सत्यबोध’, एन.के. शुक्ला, राकेश खरे, राजेश सोनार, शत्रुघ्न पात्रे, अमृतलाल पाठक, रश्मी अग्रवाल और राजेश मानस सहित अनेक साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।

साहित्य और संस्कृति को प्रोत्साहन..

आयोजन का उद्देश्य कविता और साहित्य के माध्यम से प्रेम, सद्भाव तथा मानवीय संवेदनाओं को प्रोत्साहित करना रहा। रचनाओं के अनावरण और कवियों को मंच प्रदान करने के जरिए साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए अतिथियों, कवियों, साहित्यकारों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।