
सीपत के साजापाली सोंठी में कार्रवाई, 51 नग सागौन और 3 नग खैर चिरान बरामद; वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज..

बिलासपुर। जिले में अवैध कटाई और बिना वैध दस्तावेजों के लकड़ी के भंडारण पर वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी अभियान के तहत बिलासपुर वन मंडल की टीम ने सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम साजापाली सोंठी में कार्रवाई कर सागौन और खैर की लकड़ियों का अवैध चिरान जब्त किया है। मौके से कुल 54 नग चिरान, जिसकी मात्रा करीब 0.506 घन मीटर बताई गई है, बरामद की गई।
वन विभाग के अनुसार टीम को साजापाली सोंठी निवासी रुद्रनारायण, पिता कीर्तन लाल के पास लकड़ी रखे होने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान वहां 51 नग सागौन चिरान और 3 नग खैर चिरान मिले। लकड़ियों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने इन्हें जब्त कर लिया।
वन अधिनियम के तहत दर्ज किया अपराध..
कार्रवाई के बाद जब्त लकड़ी को वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत वन अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि जब्त लकड़ी कहां से लाई गई और इसके पीछे अवैध कटाई या परिवहन से जुड़ी कोई कड़ी है या नहीं।
अवैध कटाई और तस्करी पर निगरानी बढ़ी..
वन विभाग का कहना है कि जंगलों से कीमती प्रजातियों की अवैध कटाई और उनके चिरान के भंडारण को रोकने के लिए मैदानी अमले को लगातार निगरानी और जांच के निर्देश दिए गए हैं। सागौन और खैर जैसी प्रजातियों की लकड़ी का अवैध कारोबार रोकने के लिए संदिग्ध स्थानों पर कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात विभाग ने कही है।
यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक मनोज पाण्डेय, वन मंडलाधिकारी नीरज कुमार और उप वन मंडलाधिकारी टी.आर. मरई के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी यशपाल वर्मा, परिक्षेत्र सहायक सोंठी भोजराम खूंटे तथा परिसर रक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







