रात के अंधेरे में ताले तोड़कर बनाते थे घरों को निशाना, तीन चोरियों का खुलासा..

कोनी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद किए 4.81 लाख के जेवर, बाइक, मोबाइल और नकदी ; एक अपचारी बालक भी पकड़ा गया..

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में अलग-अलग दिनों में रात के समय घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर बंद मकानों को निशाना बनाते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी के मामलों से जुड़ी करीब 4 लाख 81 हजार 488 रुपए की सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार कोनी थाना क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी किए गए थे। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 469/2026, 503/2026 और 512/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग..

चोरियों के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियों और आवाजाही की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बालक ने अपने साथ राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ चोरी की घटनाओं में शामिल होना बताया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

अंधेरे का फायदा उठाकर करते थे वारदात..

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने रात के समय सुनसान और बंद घरों की पहचान कर ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने की बात बताई। घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।

चांदी के जेवर समेत बाइक और मोबाइल बरामद..

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और 6,700 रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया है। पुलिस ने बरामद सामान की कुल कीमत 4,81,488 रुपए बताई है।

तीन आरोपी जेल भेजे गए..

पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद राहुल यादव (22), भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20) और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोनी जितेंद्र गुप्ता एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार तीनों प्रकरणों में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है।