प्रहार अभियान के तहत कोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12,100 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश और बोरा-फट्टी जब्त..

बिलासपुर। शहर में जुआ-सट्टा और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रहार अभियान के तहत कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने एसबीआई बैंक कोनी के पीछे बिजली की रोशनी में ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे सात लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 12 हजार 100 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश और बोरा-फट्टी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबिश..
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा, नशीली दवाइयों और जुआ-सट्टे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार (आईपीएस) के मार्गदर्शन में कोनी थाना पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान 21 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एसबीआई बैंक कोनी के पीछे छोटी कोनी में कुछ लोग बिजली की रोशनी में ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोनी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जुआ फड़ पर दबिश दी।
फड़ पर अलग-अलग रकम लगाकर खेल रहे थे जुआ..
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से दीनू भारती, गोलू भोई उर्फ विवेक, राज गढ़ेवाल उर्फ बिट्टू, मोहित अग्रवाल, आर्यन घृतलहरे, रिंकू कुमार और सचिन सूर्यवंशी को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के फड़ से दांव की रकम और उनके पास मौजूद नकदी को मिलाकर कुल 12,100 रुपए जब्त किए।
पुलिस के अनुसार दीनू भारती के फड़ से 1500 रुपए और उसके पास से 600 रुपए, गोलू भोई के फड़ से 900 रुपए और पास से 700 रुपए, राज गढ़ेवाल के फड़ से 2100 रुपए और पास से 300 रुपए, मोहित अग्रवाल के फड़ से 700 रुपए और पास से 400 रुपए बरामद हुए। इसी तरह आर्यन घृतलहरे के फड़ से 1800 रुपए व पास से 600 रुपए, रिंकू कुमार के फड़ से 1200 रुपए व पास से 400 रुपए तथा सचिन सूर्यवंशी के फड़ से 600 रुपए व पास से 300 रुपए मिले।
जुआरियों में हड़कंप, पुलिस ने जब्त किया पूरा सामान..
अचानक पुलिस की दबिश पड़ते ही जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश और एक बोरा-फट्टी भी जब्त की। कार्रवाई के बाद सभी सात आरोपियों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम की रही अहम भूमिका..
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक जीतेन्द्र गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक राजेश धार दीवान तथा आरक्षक भोपसिंह साहू, उदय पाटले, अजय सोनी और विजेंद्र सिंह का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







