बालोद। जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवारीकला में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव के बीच हुई इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति की पहली पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान दया बाई साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दया बाई के पति चिमन साहू की दो पत्नियां थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहली पत्नी अमृता साहू और दया बाई के बीच लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान पहले दया बाई की लकड़ी से पिटाई की गई, जिसके बाद धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया गया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अमृता साहू घर छोड़कर चली गई थी। हालांकि कुछ समय बाद वह स्वयं थाने पहुंची और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर बालोद थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और पारिवारिक परिस्थितियों सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
इस सनसनीखेज घटना के बाद नेवारीकला गांव सहित पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







