आपसी विवाद का खूनी अंत : फल व्यवसायी की चाकू मारकर हत्या,आरोपी रायपुर से गिरफ्तार..

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक फल व्यवसायी की चाकू मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तिफरा क्षेत्र में फल व्यवसाय का काम करने वाले मनीष गोस्वामी पर 7 जून की रात जानलेवा हमला किया गया था। आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट ने कथित रूप से पीछे से पकड़कर धारदार चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल मनीष को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और आरोपी के परिवार की एक महिला के बीच कथित संबंधों को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार होकर रायपुर पहुंच गया था। पुलिस को उसके रायपुर में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।इस हत्या की घटना ने पूरे तिफरा और सिरगिट्टी क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।