

बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक मामूली सड़क हादसे ने भयानक बलवे का रूप ले लिया। बाइक टकराने की बात पर हुए विवाद में आरोपियों ने लाठी-डंडे, बेल्ट, ईंट और पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पचपेड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 बालिग और 2 नाबालिग समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

दशगात्र कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद..
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 मई 2026 की है। प्रार्थी अपने साथियों के साथ एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आया था। दोपहर करीब 12:30 बजे प्रभाकर मार्शल, निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल बाइक पर सवार होकर लाउडस्पीकर के जरिए समाज की महिलाओं को नहाने के लिए सूचित कर रहे थे। जब वे पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए आए बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों गिर गए।
गाली-गलौज से शुरू होकर पेचकस से हमले तक पहुंचा मामला..
बाइक टकराने के बाद जब पीड़ितों ने बादल जांगड़े को गाड़ी धीरे चलाने की नसीहत दी, तो वह भड़क गया और गंदी-गंदी गालियां देते हुए बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख बादल के साथी विक्की जांगड़े, सरोज जांगड़े और अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। देखते ही देखते आरोपियों ने एकराय होकर ईंट, पेचकस, लाठी-डंडे और नुकीली चीजों से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए निमेश राय के सिर, कान और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उसे लहूलुहान हालत में सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया है।
पचपेड़ी पुलिस का अपराधियों पर प्रहार..
घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही पचपेड़ी पुलिस एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से ईंट का टुकड़ा, बेल्ट, पेचकस और डंडा जब्त किया। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 190, 191(2), 191(3) और 109 (प्राणघातक हमला) जैसी गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार..
पुलिस ने 19 मई को इस खूनी बलवे में शामिल 7 मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में बादल जांगड़े (19), सरोज जांगड़े (44), विक्की जांगड़े (21), तुलसी जांगड़े (57), ललित जांगड़े (38), शैलेन्द्र जांगड़े (35) और इतवारी जांगड़े (45) शामिल हैं। इसके अलावा 2 अपचारी (नाबालिग) बालकों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपी पचपेड़ी के निवासी हैं। पुलिस ने सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



