पी.सी. ज्वैलर्स पर धोखाधड़ी के आरोप, पुरानी अंगूठी के बायबैक में कम कीमत देने का मामला गरमाया..

बिलासपुर। शहर के अग्रसेन चौक स्थित ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम पी.सी. ज्वैलर्स एक बार फिर विवादों में घिर गया है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने शोरूम पर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करने और पुराने आभूषणों की वापसी (बायबैक) में उचित कीमत न देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

क्या है मामला?

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि खरसिया निवासी पारस पटेल ने 11 जून 2018 को पी.सी. ज्वैलर्स से हीरे जड़ी सोने की अंगूठी खरीदी थी।

वजन : 5.620 ग्राम (14 कैरेट सोना)

हीरा : 0.46 सेंट

खरीद कीमत (2018) : ₹85,799

पीड़ित का आरोप है कि जब वह अंगूठी को वापस बेचने शोरूम पहुंचा, तो उसे वर्तमान बाजार दर से काफी कम कीमत की पेशकश की गई। एसोसिएशन का कहना है कि पिछले 8 वर्षों में सोने की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, ऐसे में मेकिंग चार्ज घटाने के बाद भी अंगूठी की कीमत करीब ₹1.17 लाख बनती है। इसके बावजूद शोरूम प्रबंधन उचित भुगतान करने से इनकार कर रहा है।

बिलिंग में पारदर्शिता पर सवाल..

इस पूरे मामले में शोरूम की बिलिंग प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है। बताया गया है कि ग्राहक को दिए गए बिल में सोने की कीमत, हीरे की कीमत और मेकिंग चार्ज का अलग-अलग विवरण नहीं दिया गया था। केवल कुल वजन और कुल राशि लिखी गई थी। सराफा एसोसिएशन का आरोप है कि इस तरह की बिलिंग से ग्राहकों को वास्तविक मूल्य की जानकारी नहीं मिलती और वे भ्रमित होते हैं।

एसोसिएशन की कड़ी चेतावनी..

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने इस मामले को गंभीर बताते हुए इसे ‘ब्रांडेड शोरूमों द्वारा ग्राहकों के साथ लूट’ करार दिया है। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि इस मामले की शिकायत बीआईएस (BIS), उपभोक्ता फोरम और अन्य संबंधित विभागों में की जाएगी। साथ ही, पूरे प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सराफा संगठन प्रदेशभर में आंदोलन भी करेगा।

यह मामला सामने आने के बाद शहर में ज्वेलरी शोरूमों की कार्यप्रणाली और बायबैक पॉलिसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्राहकों से अपील की जा रही है कि वे आभूषण खरीदते समय पूरी बिलिंग जानकारी अवश्य लें और शर्तों को समझकर ही खरीदारी करें।