परिवार को गाली देने पर दो भाइयों ने दोस्त को उतारा मौत के घाट ; भागने की फिराक में थे, ससुराल से गिरफ्तार..

बिलासपुर। शराब के नशे में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सकरी थाना इलाके में मछली और शराब की पार्टी के दौरान दो सगे भाइयों ने मिलकर अपने ही दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि नशे में धुत दोस्त उनके परिवार वालों को गालियां दे रहा था। हत्या के बाद दोनों भाई अपने ससुराल में छिप गए थे और शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस की मुखबिर तंत्र और बीट प्रभारियों की चौकसी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।सकरी पुलिस ने सोमवार को घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में चल रही थी पार्टी, गाली-गलौज और फिर हत्या..

घटना 14 मार्च की है। सम्बलपुर के रहने वाले राकेश कौशिक उर्फ छोटू (38), उसका भाई गणेश कौशिक (36) और उनका दोस्त सतीश कौशिक तीनों एक साथ शराब पीने के लिए सकरी की शराब भट्टी पहुंचे थे। यहां तीनों ने मिलकर शराब पी। इसके बाद वे अपने साथ देशी शराब के तीन पव्वे (एक सादी, दो मसाला), 6 रोटियां, 2 पीस मछली और पानी लेकर सम्बलपुर के एक खेत में चले गए।

खेत में एक पीपल के पेड़ के नीचे तीनों ने फिर से जाम छलकाना शुरू किया। इसी दौरान सतीश कौशिक को ज्यादा नशा चढ़ गया और वह गणेश कौशिक और उसके परिवार वालों को गालियां देने लगा। दोनों भाइयों ने उसे मना किया, लेकिन सतीश नहीं माना। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर राकेश और गणेश ने सतीश पर मुक्कों की बरसात कर दी। मारपीट के दौरान सतीश पीपल के पेड़ की जड़ के पास गिर गया, जिससे उसके सिर और मुंह में गहरी चोटें आईं और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।

लाश छोड़कर भागे, ससुराल में ली पनाह..

जब दोनों भाइयों को समझ आया कि सतीश की मौत हो चुकी है, तो वे घबरा गए। लाश को वहीं छोड़कर वे सीधे मरही माता की तरफ भाग निकले। इसके बाद पुलिस से बचने के लिए वे ग्राम मेण्ड्रा स्थित अपने ससुराल पहुंच गए और वहीं छिप गए। उनकी योजना मौका देखकर किसी दूसरे शहर भागने की थी। इधर, 14 मार्च को ही मृतक सतीश के छोटे भाई कृष्णा कौशिक (23) ने थाने पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी..

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत टीम बनाकर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए थे। पुलिस की टीम और बीट आरक्षक लगातार आरोपियों की तलाश में जुटे थे। इसी बीच 16 मार्च को पुलिस को पक्की भनक लगी कि हत्या के संदेही राकेश और गणेश ग्राम मेण्ड्रा में छिपे हुए हैं।

बिना देरी किए सकरी थाना पुलिस की टीम ने गांव में घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम :

राकेश कौशिक उर्फ़ छोटू (38 वर्ष), निवासी- सम्बलपुर, थाना सकरी।

गणेश कौशिक (36 वर्ष), निवासी- सम्बलपुर, थाना सकरी।