महाराणा प्रताप चौक पर चाकू लहराकर डरा रहे थे बदमाश, पुलिस ने दबोचा; 4 गिरफ्तार..

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आतंक मचाने वाले बदमाशों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। रविवार को महाराणा प्रताप चौक और तालापारा इलाके में चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इलाके में अशांति फैलाने वाले दो अन्य युवकों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

सरेराह चाकू दिखाकर फैला रहे थे दहशत..

सिविल लाइन पुलिस को सूचना मिली थी कि महाराणा प्रताप चौक के पास दो युवक हाथ में धारदार लोहा का चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहे हैं। इससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों में डर का माहौल था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से दो नग धारदार चाकू बरामद हुए हैं।

इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई..

पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत शेरा मिरी (33 वर्ष) और अभिषेक दिवाकर (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। ये दोनों जरहाभाठा मिनीबस्ती के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अशांति फैलाने वालों को भी भेजा गया जेल..

चाकूबाजी की घटना के अलावा, पुलिस ने क्षेत्र में गुंडागर्दी और अशांति फैलाने वाले दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवकों के नाम अमन बघेल (23 वर्ष) और मुकेश पुरी गोस्वामी (24 वर्ष) हैं। ये दोनों भी जरहाभाठा इलाके के ही निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है।