USTR में शिकार की साजिश नाकाम..ओडिशा से आए 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार,178 फंदे बरामद..

गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्यजीवों के अवैध शिकार की साजिश को नाकाम कर दिया। ओडिशा राज्य से शिकार के उद्देश्य से आए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

वन विभाग को 17 फरवरी 2026 को गश्त के दौरान गौरगांव सर्कल के संरक्षित वन क्षेत्र, कक्ष क्रमांक 1153 में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। सहायक संचालक जे.पी. दरों (तौरेंगा) के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र तौरेंगा (बफर) की टीम ने सतर्कता से कार्रवाई करते हुए मौके से वन्यप्राणियों के शिकार के लिए लगाए गए 70 रस्सा व तार के फंदे तथा 108 कलच वायर फंदे बरामद किए।

ओडिशा के चार आरोपी गिरफ्तार..

कार्रवाई के दौरान ओडिशा राज्य के नबरंगपुर जिले के उमरकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फूलझड़ी निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रूपधर मांझी (49 वर्ष), पुर्न सान्ता (31 वर्ष), भीमा सान्ता (39 वर्ष) एवं विश्वनाथ सान्ता (48 वर्ष) शामिल हैं।

इनके विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 96/06 दिनांक 16.02.2026 दर्ज कर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं-2(16)(b), 9, 27, 29, 30, 31, 39, 44, 50, 51, 51ए एवं 52-के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रथम श्रेणी न्यायालय गरियाबंद के समक्ष प्रस्तुत कर रिमांड के बाद जिला जेल गरियाबंद भेज दिया गया।

टीम की सतर्कता से बची वन्य संपदा..

वन विभाग के अनुसार, आरोपियों ने वन्यप्राणियों को फंसाने के लिए बड़ी संख्या में फंदे लगाए थे। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी संख्या में वन्यजीवों की जान बचाई जा सकी।

इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी तौरेंगा (बफर) केजुराम कोरचे, वनपाल एवं सहायक परिक्षेत्र अधिकारी गौरगांव नितेश कुमार सारथी, वनरक्षक चिराग साहू, दानेश्वर ठाकुर, पेट्रोलिंग श्रमिक मुकेश कुमार सिन्हा, मोतीलाल डोंगरे, यज्ञमालती यादव, लिपिक सहायक हेमसिंग ध्रुव तथा वाहन चालक पिताम्बर डोंगरे का विशेष सहयोग रहा।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में शिकार और वन अपराध को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।