

बिलासपुर जिले के रतनपुर में एक किराना दुकानदार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जो दाल चावल की आड़ में युवाओं को नशा बेच रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेड मारकर व्यापारी अरविंद जैन उर्फ अन्नू को रंगे हाथों दबोच लिया है। आरोपी अपनी दुकान में गांजे की पुड़िया बनाकर बेचता था,जिसे पुलिस ने मौके से जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई शनिवार 14 फरवरी को की गई।

एसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के सौदागरों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई।थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय को खबर मिली थी कि भगत सिंह वार्ड में अन्नू जैन की दुकान पर अवैध काम चल रहा है। पुलिस टीम ने जब दुकान पर अचानक धावा बोला तो वहां से 225 ग्राम गांजा और बिक्री के 2300 रुपये नकद मिले। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त किया है और कुल जुमला करीब पंद्रह हजार का माल बरामद किया है।
यह घटना बताती है कि नशे का कारोबार अब गली मोहल्लों की दुकानों तक पहुंच गया है। रतनपुर जैसे धार्मिक नगरी में किराना दुकान की आड़ में गांजा बेचने का यह खेल न जाने कब से चल रहा था जिसे अब जाकर पुलिस ने उजागर किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में एएसपी मधुलिका सिंह और एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में सब इंस्पेक्टर मेलाराम कठौतिया और उनकी टीम का खास योगदान रहा।



