10 करोड़ की टैक्स चोरी का मामला : दुर्ग से स्टील कारोबारी गिरफ्तार, अब फर्जी बिलों का फायदा उठाने वाले व्यापारियों पर पेनल्टी और रिकवरी की तैयारी..

रायपुर । करीब 10 करोड़ रुपये की कथित टैक्स चोरी के मामले में राज्य कर (स्टेट जीएसटी) विभाग ने दुर्ग जिले के उतई से एक स्टील कारोबारी को गिरफ्तार किया है। विजय यादव नामक इस कारोबारी का आयरन एवं स्टील स्क्रैप का कारोबार रायपुर और दुर्ग समेत प्रदेश के कई जिलों में संचालित है। गिरफ्तारी के बाद स्टेट जीएसटी की टीम कारोबारी को रायपुर स्थित मुख्यालय लाकर पूछताछ कर रही है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, कारोबारी की व्यावसायिक गतिविधियों में टैक्स अनियमितताओं की शिकायतें काफी समय से मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के बाद विभाग ने जांच शुरू की और दस्तावेजों व अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

बिलिंग प्रक्रिया और वित्तीय रिकार्ड की हो रही जांच..

स्टेट जीएसटी के अधिकारी कारोबारी विजय यादव से उनके कारोबार के लेन-देन, इनपुट टैक्स क्रेडिट और वित्तीय रिकार्ड के संबंध में पूछताछ कर रहे हैं। अधिकारी इस टैक्स चोरी के संभावित नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य कारोबारियों के संबंध में जानकारी निकाल रहे हैं।

अब अन्य फर्मों पर कसेगा शिकंजा..

इस कार्रवाई का दूसरा पहलू उन व्यापारियों से संबंधित है, जिन्होंने इस टैक्स चोरी में साथ दिया है। विभाग के अधिकारी अब मुख्य रूप से यह रिकार्ड जुटा रहे हैं कि विजय यादव की ओर से जारी किए गए फर्जी बिलों का फायदा किन-किन व्यापारियों या फर्मों ने उठाया। पूछताछ में जो भी जानकारी सामने आएगी, उसके आधार पर फर्जी बिल भुनाने वालों पर भी टैक्स रिकवरी और पेनल्टी जैसी कार्रवाई की जाएगी।