
बिलासपुर।अचानकमार टाइगर रिज़र्व (ATR) में पर्यटकों की संख्या में हर वर्ष लगातार वृद्धि हो रही है। देश-प्रदेश के दूर-दराज़ क्षेत्रों से पर्यटक यहाँ जंगल सफारी और नाइट स्टे का रोमांचक अनुभव लेने पहुंच रहे हैं। बढ़ते पर्यटन दबाव और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अचानकमार टाइगर रिज़र्व प्रबंधन द्वारा शिवतराई बैगा रिसॉर्ट परिसर में अनेक नई सुविधाओं का विकास किया गया है।


पर्यटन को और अधिक आकर्षक व यादगार बनाने के उद्देश्य से बैगा रिसॉर्ट परिसर में एक आकर्षक सेल्फी पॉइंट तैयार किया गया है, जो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है। पर्यटक नए सेल्फी साइन बोर्ड के साथ उत्साहपूर्वक तस्वीरें ले रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर भी खासा लोकप्रिय हो रहा है।

परिसर में विकसित की गईं आधुनिक पर्यटन सुविधाएँ..


शिवतराई बैगा रिसॉर्ट परिसर में पर्यटकों की सुविधा हेतु पार्किंग एरिया, पूछताछ केंद्र, सफारी बुकिंग काउंटर, सोविनियर शॉप, टाइगर कैंटीन, स्विमिंग पूल, दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए हैं। इसके साथ ही सभी कमरों में कमरा नंबर एवं नाम वाले साइन बोर्ड लगाए गए हैं, जो पर्यटकों के लिए मार्गदर्शन के साथ-साथ आकर्षण का माध्यम भी बन रहे हैं।
इंटरकॉम सुविधा से बढ़ी पर्यटकों की सहूलियत..


रिसॉर्ट के सभी कमरों, कैंटीन एवं बुकिंग काउंटर में इंटरकॉम सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब पर्यटक अपने कमरे में बैठे-बैठे जंगल सफारी बुकिंग की जानकारी, सफारी से संबंधित पूछताछ तथा कैंटीन से भोजन ऑर्डर कर पा रहे हैं। इस सुविधा से पर्यटकों में खासा उत्साह और संतोष देखा जा रहा है।


पर्यटक वाहनों की सुविधा के लिए नई पहल..

पर्यटन सीजन में बढ़ती पर्यटक संख्या और वाहनों की कमी को देखते हुए ATR प्रबंधन द्वारा 05 ‘योद्धा’ वाहन खरीदे गए हैं। इनमें से 02 वाहनों को पर्यटक उपयोग के लिए मॉडिफाई कर लिया गया है, जो वर्तमान में प्रबंधन के पास उपलब्ध हैं। शेष वाहनों को भी शीघ्र ही पर्यटक रूट पर संचालन हेतु तैयार किया जा रहा है, जिससे सफारी व्यवस्था और अधिक सुचारू हो सकेगी।
भविष्य की बुकिंग भी बढ़ीं..


अचानकमार टाइगर रिज़र्व में लगातार बढ़ती सुविधाओं के कारण पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। आगामी दिनों के लिए एडवांस बुकिंग भी प्राप्त हो रही हैं, जो क्षेत्र में पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।







