अग्रसेन जयंती पर सेवा का संकल्प, 208 यूनिट रक्तदान से दिया मानवता का संदेश..

अग्रवाल समाज के साथ अन्य समाजों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने कराया उपचार..

बिलासपुर। महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत श्री श्याम मंदिर परिसर में आयोजित नगर स्तरीय रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर में समाजसेवा और सामाजिक एकता की उल्लेखनीय तस्वीर देखने को मिली। शिविर में करीब 208 यूनिट रक्तदान किया गया। अग्रवाल समाज के साथ ही अन्य समाजों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा में अपनी भागीदारी निभाई। स्वास्थ्य शिविर में भी लोगों ने पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श और जांच का लाभ लिया।

श्री श्याम मंदिर के भव्य प्रांगण में बाबा श्री श्याम एवं अन्य देवी-देवताओं के सान्निध्य में आयोजित इस शिविर में सिम्स के डीन डॉ. मूर्ति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वयंसेवकों और विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान रक्तदाताओं और स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लोगों में खासा उत्साह नजर आया।

रक्तदान के साथ सामाजिक एकता का संदेश..

शिविर की सबसे खास बात यह रही कि इसमें केवल अग्रवाल समाज के लोग ही नहीं, बल्कि अन्य समाजों के लोगों ने भी आगे आकर रक्तदान किया। आयोजकों ने इसे सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग का उदाहरण बताया। उनका कहना रहा कि रक्त का कोई धर्म या समाज नहीं होता और जरूरत के समय यही रक्त किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचाने में काम आता है।

अग्रवाल सभा बिलासपुर के अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल ने सफल आयोजन के लिए नवयुवक समिति, रक्तदान आयोजन समिति, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वयंसेवकों और सहयोग करने वाले सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को सेवा, सहयोग और समर्पण का संदेश दिया था। जयंती महोत्सव के अंतर्गत आयोजित यह शिविर उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाने का प्रयास है। समाज के युवाओं के साथ मातृशक्ति और अन्य वर्गों की भागीदारी ने आयोजन को और व्यापक बनाया।

शिव कुमार अग्रवाल ने कहा कि पितृदेवों और महाराजा अग्रसेन जी की कृपा से जयंती महोत्सव के आगामी कार्यक्रम भी इसी तरह सफल हों और समाज को सेवा तथा एकता के सूत्र में जोड़ने का काम करें। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए नवयुवक समिति एवं रक्तदान आयोजन समिति को विशेष रूप से साधुवाद दिया।