रायपुर। मुस्लिम मनिहार समाज छत्तीसगढ़ की प्रदेश कमेटी ने रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास पर मुलाकात कर समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। प्रदेश अध्यक्ष वसीम चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे समाज के प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से मुस्लिम मनिहार समाज को पिछड़ा वर्ग में शामिल होने के बावजूद पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानियों और जटिल प्रक्रिया का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि मुस्लिम मनिहार समाज पिछड़ा वर्ग के अंतर्गत आता है, लेकिन प्रदेश में समाज के लोगों को पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई तरह की प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ रहा है। प्रक्रिया जटिल होने के कारण पात्र लोगों को भी प्रमाण पत्र बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल और सुगम किया जाए, ताकि समाज के पात्र लोगों को शासन की योजनाओं और आरक्षण सहित अन्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।
रायपुर और बिलासपुर में सामुदायिक भवन के लिए जमीन की मांग..
मुलाकात के दौरान मुस्लिम मनिहार समाज ने समाज के सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए रायपुर और बिलासपुर में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु शासकीय भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश में समाज की बड़ी संख्या होने के बावजूद सामाजिक गतिविधियों, बैठकों, वैवाहिक एवं अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी भवन का अभाव है। यदि रायपुर और बिलासपुर में सामुदायिक भवन के लिए भूमि उपलब्ध होती है, तो इससे समाज के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से दोनों मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री की ओर से मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदेश अध्यक्ष वसीम चौधरी सहित समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रदेशभर से पहुंचे समाज के पदाधिकारी..
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बिलासपुर से प्रदेश अध्यक्ष वसीम चौधरी, हाजी मोहम्मद सलीम, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद वसीम, सलीम अहमद और मोहम्मद साजिद शामिल रहे। रायपुर से हाजी मोहम्मद गफ्फार, बाबा मोहम्मद वहीद और मोहम्मद मंसूर, नयापारा-राजिम से हाजी मोहम्मद हनीफ, नवाब वारसी, शकील वारसी, मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद शफी और मोहम्मद शब्बीर मौजूद रहे।
इसके अलावा बालोद से हाजी मोहम्मद रफीक, धमतरी से हाजी मोहम्मद निसार बाबा, जगदलपुर से हाजी मोहम्मद सलीम, महासमुंद से शेख मकसूद सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मुलाकात में शामिल हुए।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के समक्ष समाज की समस्याओं को सीधे रखने का अवसर मिला है। उन्हें उम्मीद है कि पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा रायपुर और बिलासपुर में सामुदायिक भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में शासन स्तर पर सकारात्मक पहल होगी।







