सीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई : मोबाइल टॉवर केबल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, लाखों का माल जब्त..

बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल टॉवर से केबल तार चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया है।

मुखबिर की सूचना से खुला राज..

पुलिस को 19 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि ग्राम खम्हरिया के सोंठी रोड बाजार के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। वे दिन में कमरे में रहते हैं और रात में एक कार से घूमते हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने टीम बनाकर घेराबंदी की और मुख्य आरोपी शहबाज अली समेत अन्य को पकड़ लिया।

पूछताछ में कबूला कई जगह चोरी..

शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 4-5 महीनों से अलग-अलग इलाकों में मोबाइल टॉवर के केबल तार चोरी कर रहे थे। इन इलाकों में तखतपुर, काठाकोनी, चोरभट्ठी, गनियारी, जयराम नगर, मुंगेली, कुंडा (कबीरधाम), अकलतरा और कोरबा जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

लाखों रुपये का सामान और कार जब्त..

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया।

जिसमें करीब 1 क्विंटल 2 किलो कॉपर केबल वायर (कीमत लगभग ₹1,22,400)

54 किलो प्लास्टिक कोटेड कॉपर केबल (कीमत लगभग ₹1,08,000)

12 बंडल एल्युमिनियम तार (कीमत लगभग ₹60,000)

कुल मिलाकर ₹2,90,400 का सामान जब्त किया गया है। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी आर्टिका कार भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर..

गिरफ्तार आरोपियों शहबाज अली, जगदीश कुमार पटेल और मोईउद्दीन को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस की सतर्कता से बड़ी चोरी का खुलासा..

सीपत पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही लगातार केबल चोरी की घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और जांच जारी है।