

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र स्थित प्राचीन श्री रामानुज-हनुमान-राधा कृष्ण मंदिर में 22 अप्रैल को जगदाचार्य रामानुज आचार्य जी के 1009वें प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। सुबह 8 बजे से 10 बजे तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।


महोत्सव के दौरान भगवान श्री रामानुज का 12 मंगल कलशों से दिव्य तिरुमंजन (अभिषेक) किया गया। इसके साथ ही पंचामृत, चन्दन, फल एवं पुष्पों से विशेष अभिषेक संपन्न हुआ। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि गूंजती रही, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में स्तोत्र पाठ, गोष्ठी भोग एवं महाआरती का आयोजन भी किया गया। महाआरती के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने श्रद्धा भाव से भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

इस आयोजन का संचालन दिव्यदेश रामानुज निलय सेवा समिति द्वारा किया गया। समिति के श्रीप्रपन्न मिश्रा एवं श्रीमती सुभाषिणी मिश्रा ने बताया कि यह महोत्सव हर वर्ष बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है और इसमें क्षेत्र के सैकड़ों भक्त शामिल होते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सहभागिता की अपील की।



