संगठन सृजन अभियान के प्रशिक्षण शिविर का समापन, 74 से अधिक ब्लॉक अध्यक्ष और मास्टर ट्रेनर हुए शामिल..

बिलासपुर। संगठन सृजन अभियान के तहत बिलासपुर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के तृतीय चरण के प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं से जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
बैज ने कहा कि प्रशिक्षण में 74 से अधिक ब्लॉक अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। विभिन्न सत्रों में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों के साथ संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की बात प्रभावी तरीके से रखने की रणनीति पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को अर्जुन की तरह तैयार कर रही है, जिनकी नजर सिर्फ जनता के मुद्दों पर रहे।
तारा कोल ब्लॉक को लेकर सरकार पर निशाना..
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने तारा कोल ब्लॉक के आवंटन को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि यह क्षेत्र लेमरू एलिफेंट रिजर्व के करीब है और यहां बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई का खतरा है। बैज ने आरोप लगाया कि कोल ब्लॉक अदाणी समूह की कंपनी को आवंटित किया गया है।
देखें वीडियो..
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय विधानसभा में प्रदेश के कोल ब्लॉकों को नहीं बेचने की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया था। बैज ने वर्तमान सरकार से कोल ब्लॉक आवंटनों की समीक्षा करने और पर्यावरण तथा प्रदेश के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।
खनिज राजस्व को लेकर भी सवाल..
बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनिज संसाधनों के दोहन से प्रदेश के आर्थिक हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन करेगी।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री सहित कांग्रेस के विधायक, पूर्व विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







