बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन चोरों ने बैंक के पीछे की दीवार में सेंध मारकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से इन चोरों की पहचान की। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी का सामान और बैंक की दीवार तोड़ने में इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त कर लिए हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सोमवार सुबह खुला ताला तब चला पता..
घटना की रिपोर्ट बेलतरा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक ने 6 जुलाई 2026 को रतनपुर थाने में दर्ज कराई थी। जानकारी के अनुसार, शनिवार 4 जुलाई की शाम काम खत्म होने के बाद बैंक के सभी कर्मचारी रोज की तरह ताला लगाकर अपने-अपने घर चले गए थे। अगले दिन रविवार की छुट्टी थी। सोमवार की सुबह जब एक कर्मचारी ने आकर बैंक का ताला खोला, तो देखा कि बैंक के पीछे तरफ की दीवार में सेंध लगा हुआ था।
उसने तुरंत इस बात की सूचना बैंक के शाखा प्रबंधक को दी। शाखा प्रबंधक के आने के बाद बैंक के अंदर जाकर और सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया। जांच करने पर पता चला कि बैंक में लगा राउटर और स्टेबलाइजर अज्ञात चोर चुरा कर ले गए हैं। इसके अलावा चोरों ने बैंक में रखे लॉकर और एटीएम को भी लोहे की धारदार गैंती और टंगिया से तोड़ने का प्रयास किया था।
मुखबिर की मदद से पकड़ाया मुख्य संदेही..
थाना रतनपुर में अपराध दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के बाद सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदेहियों की पहचान के लिए मुखबिर लगाई गई। इसी बीच मुखबिर से संदेही सुमेश कश्यप की पहचान हुई।
पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने 04 अन्य साथियों के साथ मिलकर बैंक में चोरी की नीयत से दीवार में सेंध लगाने, लॉकर और एटीएम में तोड़फोड़ करने की बात मान ली।
ये 5 आरोपी हुए गिरफ्तार :
- सुमेष कश्यप उर्फ सोनू (29 वर्ष), निवासी नेवसा
- सुरज कुमार विश्वकर्मा (26 वर्ष), निवासी गिधौरी
- नवीन कुमार बैसवाड़े (28 वर्ष), निवासी नेवसा
- खिकराम खैरवार उर्फ विक्की (25 वर्ष), निवासी गिधौरी
- प्रकाश यादव उर्फ बौना (19 वर्ष), निवासी गिधौरी
दो बाइक और हथियार जब्त..
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया स्टेबलाइजर और राउटर बरामद कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त 02 मोटर साइकिल और बैंक की दीवार, एटीएम व लॉकर तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की धारदार गैंती और टंगिया को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ अन्य कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
इस कार्यवाही में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सउनि नीलाकर सेठ, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर का विशेष योगदान रहा।







