अम्बेडकर जयंती पर भाजपा की संगोष्ठी कल, कई दिग्गज नेता होंगे शामिल..

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर द्वारा संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026 को एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे करबला स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित होगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संगोष्ठी में कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू उपस्थित रहेंगे। साथ ही भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव विशेष रूप से संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में डॉ. अम्बेडकर के विचारों, उनके योगदान और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विभिन्न मोर्चा और प्रकोष्ठों के सदस्यों के साथ-साथ आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं, ऐसे में इस तरह के आयोजनों के माध्यम से उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।