

बिलासपुर। जिले में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गोरखधंधे का खुलासा किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर शुक्रवार सुबह सरकंडा के सीपत चौक क्षेत्र में छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए।

कार्रवाई खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मार्गदर्शन में एएफओ अजय मौर्य और विनीता दास की टीम ने संयुक्त रूप से की। जांच के दौरान महामाया गैस चूल्हा सुधारक एवं विक्रेता नामक प्रतिष्ठान और गर्ल्स हॉस्टल संचालक लव निमेष जायसवाल के कब्जे से कुल 54 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इनमें 19 घरेलू (14.2 किलोग्राम) भरे और आंशिक भरे सिलेंडर तथा 35 छोटे (5 किलोग्राम) घरेलू एवं व्यावसायिक सिलेंडर शामिल हैं।
टीम को मौके से 7 रिफिलिंग नोजल (बंशी), एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और अन्य उपकरण भी मिले, जिनका उपयोग अवैध रूप से गैस भरने और बेचने में किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बिना किसी वैध अनुमति के सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग कर अवैध बिक्री की जा रही थी, जिससे सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी हो रही थी और आसपास के लोगों की जान-माल को खतरा था।
प्रशासन ने तत्काल सभी सिलेंडरों और उपकरणों को जब्त कर सुरक्षित किया। साथ ही मौके से गुजर रही इंडेन गैस की डिलीवरी वैन को रोककर जब्त सामग्री संबंधित एजेंसी को सुपुर्द कर दी गई।

इसी कार्रवाई के दौरान विजय स्टील नामक प्रतिष्ठान, जिसके संचालक सनटी अग्रवाल हैं, वहां से भी 2 घरेलू सिलेंडर, 3 रिफिलिंग नोजल और एक तौल मशीन जब्त की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।



