रात के अंधेरे में सागौन की तस्करी, वन विभाग की गश्ती टीम ने पिकअप पकड़ी..करीब 85 हजार रुपये की सागौन लकड़ी बरामद; वाहन भी जब्त..

कोरबा। वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ कोरबा वन विभाग ने रात्रि गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन की लकड़ी से भरी एक बोलेरो मैक्स पिकअप को जब्त किया है। वाहन से सागौन के 26 नग लट्ठे, करीब 2.000 घन मीटर लकड़ी बरामद हुई है। जब्त सागौन की अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है। वन विभाग ने मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर रात में शुरू हुई गश्त..

वन विभाग को सूचना मिली थी कि कोरबा वनमंडल के वन परिक्षेत्र कोरबा अंतर्गत भुलसीडीह के जंगल से सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई कर लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन अमले ने झगरहा से भुलसीडीह बैरियर के बीच वन मार्ग पर रात्रि गश्ती तेज कर दी। इसी दौरान जंगल की ओर से एक बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG-13 AY 1202 आती दिखाई दी। वन विभाग की टीम ने वाहन को रोककर उसकी जांच की। तलाशी लेने पर वाहन में सागौन के 26 नग लट्ठे लदे मिले।

दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक..

पूछताछ के दौरान चालक लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग की टीम ने वाहन और उसमें लदी पूरी सागौन लकड़ी को जब्त कर लिया। विभाग के अनुसार बरामद लकड़ी करीब 2.000 घन मीटर है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 85 हजार रुपये आंकी गई है।

वन विभाग ने मामले में वन अपराध प्रकरण (पी.ओ.आर.) क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज किया है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सागौन की लकड़ी जंगल के किस हिस्से से काटी गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई..

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी जितेन्द्र कुमार उपाध्याय के आदेश तथा उपवनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया के निर्देशन में की गई।

कार्रवाई का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी कोरबा मृत्युंजय शर्मा ने किया। अभियान में परिक्षेत्र सहायक यशमल आदिल, परिसर रक्षक गुरुवेंद्र कुर्रे, अर्जुन सिंह कंवर और बलराम राठिया सहित अन्य वन कर्मचारी शामिल रहे।

ग्रामीणों और संयुक्त वन प्रबंधन समिति का मिला साथ..

वन विभाग की इस कार्रवाई में स्थानीय मुखबिरों के साथ संयुक्त वन प्रबंधन समिति डुमरडीह और भुलसीडीह के सदस्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर वन अमले ने रात में निगरानी बढ़ाई, जिसके परिणामस्वरूप लकड़ी से भरा वाहन पकड़ में आया। ग्रामीणों ने वन विभाग की सक्रियता और रात्रि गश्ती अभियान की सराहना की। विभाग का कहना है कि जंगलों से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई और लकड़ी के परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रात की गश्त पर बढ़ाया जा रहा जोर..

कोरबा वनमंडल में वन संपदा की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्ती और निगरानी को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। वन विभाग का कहना है कि जंगलों में अवैध कटाई, लकड़ी के परिवहन और अन्य वन अपराधों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ स्थानीय ग्रामीणों और संयुक्त वन प्रबंधन समितियों की मदद भी ली जा रही है।

वन विभाग की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि जंगल से अवैध रूप से सागौन काटकर उसका परिवहन करने वालों पर अब रात के समय भी विभाग की नजर बनी हुई है।