NSUI जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से हटी रोक, अब छात्रहित के मुद्दों पर तेज होगी लड़ाई..

रंजेश सिंह बोले- किसान का बेटा हूं, मेहनत से सींचना बचपन से सीखा है; संगठन ने जिम्मेदारी दी है, पूरी ताकत से निभाऊंगा..

बिलासपुर। चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर NSUI जिलाध्यक्ष की नियुक्ति पर लगी रोक हटने के बाद संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। जिलाध्यक्ष रंजेश सिंह ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प जताया है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन का विस्तार करने के साथ विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करना होगा।

रंजेश सिंह ने कहा, ‘किसान का बेटा हूं, मेहनत से सींचना बचपन से सीखा है। संगठन ने अवसर दिया है, अब संगठन और छात्रहित के लिए जान लगा दूंगा’। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि संगठन के कार्यकर्ताओं के विश्वास और सहयोग का परिणाम है।

परीक्षा, फीस और शैक्षणिक समस्याओं पर रहेगा फोकस..

NSUI जिलाध्यक्ष ने कहा कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को होने वाली परेशानियों को संगठन प्रमुखता से उठाएगा। परीक्षा परिणामों में त्रुटियां, फीस संबंधी समस्याएं, शैक्षणिक व्यवस्था में कमियां और विद्यार्थियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे संगठन की प्राथमिकताओं में रहेंगे।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को संबंधित संस्थानों और अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान की पहल की जाएगी। जरूरत पड़ने पर छात्रहित में आंदोलन भी किया जाएगा। संगठन का उद्देश्य केवल विरोध करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को राहत दिलाने के लिए जिम्मेदारी के साथ प्रयास करना है।

कॉलेजों तक संगठन का विस्तार करने की तैयारी..

रंजेश सिंह ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और युवा साथियों के सहयोग से NSUI को बिलासपुर जिले के अधिक से अधिक महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। नए छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ने के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और अवसर देना भी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि संगठन में एकजुटता, अनुशासन और सक्रियता के साथ काम किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की समस्याओं को समय पर सामने लाया जा सके और उनकी आवाज को उचित मंच मिले।

वरिष्ठ नेताओं के प्रति जताया आभार..

रंजेश सिंह ने NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय सहित सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और मार्गदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं का सहयोग संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वे सभी साथियों को साथ लेकर छात्रहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे और संगठन की विचारधारा को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

रंजेश सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य बिलासपुर जिले में NSUI को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना, विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और उनके अधिकारों के लिए पूरी निष्ठा से काम करना है।

रंजेश सिंह
जिलाध्यक्ष, NSUI बिलासपुर