सेवा ज्योति कलश यात्रा को लेकर भाजपा ने कसी कमर..

7 अक्टूबर को बहतराई खेल परिसर में जुटेंगे कार्यकर्ता, पीएम मोदी के संबोधन के बाद निकलेगी करीब एक किमी की यात्रा; बूथ से मंडल स्तर तक तैयारियों की समीक्षा..

बिलासपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को प्रस्तावित सेवा ज्योति कलश यात्रा को लेकर भाजपा बिलासपुर शहर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को आयोजित जिला कार्यसमिति की बैठक में यात्रा की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और समयबद्ध तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में विधायक अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

अमर अग्रवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है। अभियान के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई है। इसी क्रम में 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा में समय का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी कार्यकर्ताओं को सुबह 9 बजे तक बहतराई स्थित खेल परिसर में पहुंचना होगा। यहां सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा।

पीएम के संबोधन के बाद शुरू होगी यात्रा..

बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद मशाल प्रज्ज्वलन होगा। इसके बाद अतिथियों द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित की जाएगी और कलश यात्रा की शुरुआत होगी। करीब एक किलोमीटर की यात्रा में कार्यकर्ता भाजपा के झंडे और प्लेकार्ड लेकर शामिल होंगे। यात्रा में सबसे आगे रथ रहेगा, उसके पीछे मशाल लेकर कार्यकर्ता चलेंगे। इसके बाद अन्य कार्यकर्ता निर्धारित अनुशासन के साथ यात्रा में शामिल होंगे।

अमर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और जनसेवा की भावना से किए गए कार्यों का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों और महामंत्रियों से अगले दो दिनों में तैयारियां पूरी करने को कहा। साथ ही कार्यक्रम में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बूथ से मंडल तक पहुंचाया जाएगा संदेश..

क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज में जनजागरण और सकारात्मक बदलाव का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश यात्रा में सभी समाजों की सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।

जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी, मोर्चा और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता सामूहिक रूप से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटें। बिलासपुर, बिल्हा और तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से उन्होंने अभी से जिम्मेदारी संभालने का आह्वान किया।

विधानसभावार बांटे गए कलश..

बैठक के दौरान संत रविदास की जन्मस्थली से लाए गए कलश का विधानसभावार वितरण भी किया गया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक ने किया, जबकि जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल ने आभार जताया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय, गुलशन ऋषि, किशोर राय, विनोद सोनी, चंद्रप्रकाश बाजपेयी, वाणी राव, पेंगन वर्मा, प्रवीण दुबे, संतोष कौशिक, अश्वनी शर्मा, देवेन्द्र कौशिक, रितेश अग्रवाल, चंदना गोस्वामी, प्रदीप शुक्ला, केके शर्मा, दुर्गेश पाण्डेय, स्नेहलता शर्मा, घनश्याम कौशिक, तुलसी बघेल, श्याम सिंह ध्रुव, मो. हनीफ, लक्ष्मीनारायण कश्यप, देवेन्द्र पाठक, एस. श्रीनिवास राव, उमाशंकर कश्यप, लव श्रीवास, इन्द्रजीत सिंह क्षत्री, दिनेश साहू, रवि मेहर, राजेश मिश्रा, योगेश बोले सहित भाजपा, मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।