रसीद में 7 हजार, वसूली 20 हजार की शिकायत ; निगम मुख्यालय पहुंचे वार्डवासी..

संपत्ति कर वसूली में कथित गड़बड़ी का आरोप, वार्ड – 4 के रहवासियों ने कमिश्नर से की जांच की मांग ; विरोध पर बुलडोजर चलाने की धमकी देने का भी आरोप..

बिलासपुर। नगर निगम में संपत्ति कर वसूली को लेकर कथित गड़बड़ी की शिकायत ने निगम की राजस्व वसूली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वार्ड क्रमांक 4 के रहवासियों ने आरोप लगाया है कि संपत्ति कर की रसीद में दर्ज राशि से अधिक रकम उनसे वसूली गई। एक मामले में करीब 7 हजार रुपए की रसीद काटकर 20 हजार रुपए लिए जाने की शिकायत सामने आई है। यानी रसीद में दर्ज रकम से करीब 13 हजार रुपए अधिक लिए जाने का आरोप है।

मामले की शिकायत लेकर वार्ड के करीब सात रहवासी सोमवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित विकास भवन पहुंचे और निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। रहवासियों का कहना है कि संपत्ति कर जमा करने के दौरान उनसे निर्धारित राशि से अधिक रकम मांगी और ली गई। हालांकि, इस संबंध में वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

विरोध किया तो बुलडोजर की धमकी का आरोप.. देखें वीडियो..

शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने रसीद में दर्ज राशि से अधिक रकम लिए जाने का विरोध किया तो उन्हें कथित तौर पर घरों पर बुलडोजर चलाने की बात कही गई। रहवासियों का कहना है कि मामले की जानकारी स्थानीय पार्षद को भी दी गई, लेकिन उन्होंने ने इस मामले में कोई कार्रवाई नही की। इसके बाद उन्होंने निगम मुख्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

जांच हुई तो सामने आ सकते हैं और मामले..

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि फिलहाल कुछ लोग ही सामने आए हैं, लेकिन यदि वार्ड क्रमांक 4 में संपत्ति कर वसूली से जुड़ी रसीदों और वास्तविक जमा राशि का मिलान कराया जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है। रहवासियों ने संबंधित अवधि की वसूली, जारी रसीदों और जमा रकम का मिलान कराने की मांग की है, ताकि यह पता चल सके कि कहीं अन्य लोगों से भी रसीद में दर्ज राशि से अधिक रकम तो नहीं ली गई।

कमिश्नर बोले – जांच के बाद होगी कार्रवाई.. देखें वीडियो..

शिकायत सामने आने के बाद निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने बताया कि जोन कमिश्नर स्तर पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और वसूली से संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। संबंधित कर्मचारियों की भूमिका सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी रिश्वत का मामला आया था सामने..

गौरतलब है कि इससे पहले नगर निगम की संपदा शाखा में रिश्वत लेते एक क्लर्क के पकड़े जाने का मामला सामने आ चुका है। ऐसे में अब संपत्ति कर वसूली में रसीद से अधिक रकम लिए जाने की शिकायत ने निगम की राजस्व व्यवस्था और मैदानी स्तर पर होने वाली वसूली की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मौजूदा मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।