10 साल से साथ रह रहे थे दोनों, बाथरूम से लौटने पर खून से लथपथ मिला युवक ; युवती के बयान और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस..

अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 10 वर्षों से लिव-इन रिलेशन में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का गला कटा हुआ मिला, जबकि उसके साथ रह रही 26 वर्षीय युवती ने भी चाकू से अपना गला घायल कर लिया। घायल युवती को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय मोहन पैकरा और 26 वर्षीय महिमा सिदार पिछले करीब एक दशक से गांधीनगर क्षेत्र में दयाल मंडल के मकान में किराए पर रह रहे थे। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे महिमा बाथरूम से वापस कमरे में लौटी। इस दौरान उसने मोहन को खून से लथपथ हालत में देखा। मोहन का गला कटा हुआ था और वह गंभीर अवस्था में पड़ा था। यह दृश्य देखकर महिमा ने शोर मचाया। इसके कुछ ही देर बाद उसने कथित तौर पर चाकू से अपना गला भी घायल कर लिया।
युवती ने पुलिस को बताया – मोहन ने खुद को किया घायल..
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक मोहन की मौत हो चुकी थी, जबकि महिमा घायल अवस्था में थी। पुलिस टीम ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, घायल महिमा ने प्रारंभिक बयान में दावा किया है कि मोहन ने चाकू से खुद अपना गला काट लिया था। उसने यह भी बताया कि रक्षाबंधन के दौरान घर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। महिमा मोहन को अपने साथ घर चलने के लिए कह रही थी, जबकि मोहन उसके घर जाने के लिए तैयार नहीं था। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
10 साल के साथ के बाद आखिर क्या हुआ?
घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 10 वर्षों से एक साथ रह रहे युवक-युवती के बीच ऐसा क्या हुआ कि सुबह एक की जान चली गई और दूसरा घायल हो गया? क्या दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी? पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
गांधीनगर थाना प्रभारी दिलीप दुबे के अनुसार, मोहन पैकरा मूल रूप से दरिमा क्षेत्र का रहने वाला था, जबकि महिमा सिदार सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के कंदरई की निवासी है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
फोरेंसिक जांच से खुलेंगे घटना के राज..
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम से जांच कराई है। मौके से मिले साक्ष्य, चाकू सहित अन्य वस्तुओं की जांच की जा रही है। साथ ही युवती के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों का आपस में मिलान किया जा रहा है। पुलिस युवक की मौत को फिलहाल संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

युवक की मौत वास्तव में किस परिस्थिति में हुई और घटना के पीछे विवाद की क्या भूमिका रही, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले के हर संभावित पहलू को जांच के दायरे में रखा है।







