गायनेकोलॉजी अवेयरनेस प्रोग्राम में विशेषज्ञों ने बताया – समय पर जांच और जागरूकता से रोकी जा सकती हैं कई गंभीर बीमारियां..

बिलासपुर। महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में शनिवार को बिलासपुर में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। श्री लोहाणा महापरिषद महिला विंग, ज़ोन-13 द्वारा गुजराती समाज भवन, टिकरापारा में ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ विषय पर गायनेकोलॉजी अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्त्री रोगों, हार्मोनल बदलाव, पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत समारोह के साथ हुआ। इसके बाद ध्वज गीत प्रस्तुत किया गया। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों और पदाधिकारियों का ईको-फ्रेंडली उपहार देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि अब महिलाएं अपने स्वास्थ्य को लेकर पहले से अधिक सजग और जागरूक हो रही हैं।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुश्री पाडेगांवकर (एमबीबीएस, डीएनबी, गोल्ड मेडलिस्ट) ने महिलाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अधिकांश महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों में इतनी व्यस्त रहती हैं कि अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं, जबकि समय पर जांच और सही जानकारी कई गंभीर बीमारियों से बचा सकती है।

डॉ. पाडेगांवकर ने हार्मोनल परिवर्तन, पीसीओएस (PCOS), मेनोपॉज़, गर्भाशय एवं स्तन स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर मेडिकल जांच कराने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने महिलाओं को किसी भी शारीरिक समस्या को नजरअंदाज नहीं करने और शुरुआती लक्षणों पर चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने खुलकर अपने स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सक ने सरल और व्यवहारिक तरीके से समाधान किया। इस संवादात्मक सत्र ने महिलाओं का संकोच दूर करने के साथ उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी भी उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर ज़ोन-13 के प्रभारी ललितभाई पुजारा ने समाज को डिजिटल रूप से जोड़ने के लिए लोहाणा कनेक्ट ऐप की जानकारी दी। ज़ोन-13 अध्यक्ष श्रीमती प्रगतिबेन मिरानी ने महिला विंग की आगामी योजनाओं और समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। ज़ोनल युवा अध्यक्ष श्रीमती दीप्तिबेन मिरानी ने महिलाओं को सामाजिक नेतृत्व और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। आरोग्य समिति की चेयरपर्सन श्रीमती सिद्धिबेन मिरानी ने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। वहीं ज़ोनल सचिव श्रीमती स्वाति बेन मजीठिया ने प्रेरक संबोधन देते हुए महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। बिलासपुर जिला अध्यक्ष श्रीमती कविता बेन पुजारा ने स्वागत भाषण देकर सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती प्रीति बेन बराई ने किया, जबकि अंत में श्रीमती वर्षा बेन ठक्कर ने आभार व्यक्त किया। विशेष अतिथि के रूप में केतन भाई सुतारिया, श्रीमती हीना बेन पारेख, श्रीमती भूमिका बेन पोपट, ज्योति बेन ठक्कर,कृष्णा बेन चंदाराणा, ममता बेन ठक्कर, स्नेहा बेन जोबनपुत्रा, गायत्री बेन दोर्ण, श्रीमती दीपिका कक्कड़ और श्रीमती तेजल कक्कड़ उपस्थित रहीं।

आयोजन में बिलासपुर, रायपुर, धमतरी और राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों से महिला विंग की पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुईं। कार्यक्रम की सफलता में महिला विंग की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही एसएलएमपी ट्रस्टी श्री किशनभाई मिरानी, ज़ोन-13 के चेयरमैन श्री प्रकाशभाई दावड़ा और ज़ोन प्रभारी ललितभाई पुजारा के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ का संदेश समाज के हर घर तक पहुंचे। यह आयोजन केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि महिलाओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने वाला एक सार्थक सामाजिक अभियान साबित हुआ।







