बिलासपुर।ग्राम सेदरी के पास अरपा नदी में रविवार की दोपहर एक अज्ञात युवक की लाश मिलने से गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। दोपहर करीब तीन बजे कुछ स्थानीय लोग नदी की तरफ गए हुए थे, तभी उनकी नजर पानी में उतराते एक शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को अरपा नदी से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक तौर पर मृतक एक युवा लग रहा है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। उसके कपड़ों या पास से ऐसा कोई भी सामान नहीं मिला है जिससे उसकी शिनाख्त हो पाए।
पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। अब जांच टीम के सामने पहला सवाल यह है कि मृतक युवक कौन है और वह ग्राम सिंदरी तक कैसे पहुंचा। क्या वह नहाते समय गहरे पानी में चला गया, या फिर उसकी मौत के पीछे कोई और कारण है? इन सभी पहलुओं पर पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। युवक की पहचान के लिए बिलासपुर और आसपास के सभी थानों में सूचना भिजवा दी गई है। इसके साथ ही आस-पास के इलाकों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।







