महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला गरमाया, भाजयुमो ने कांग्रेस पदाधिकारी के खिलाफ थाने में की शिकायत..

सोशल मीडिया पोस्ट पर टिप्पणी को बताया महिलाओं के सम्मान पर हमला, सख्त कानूनी कार्रवाई की उठाई मांग..

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शहर की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस पदाधिकारी सुरेंद्र वर्मा के खिलाफ सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले में जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

भाजयुमो नेताओं का आरोप है कि फेसबुक पर पत्रकार मोहन तिवारी की एक पोस्ट पर की गई टिप्पणी महिलाओं की गरिमा और सम्मान के खिलाफ है। संगठन का कहना है कि इस तरह की भाषा न केवल महिलाओं की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि समाज में भी गलत संदेश देती है। इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई होना जरूरी है।

शिकायत आवेदन में भाजयुमो ने पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कानूनों के तहत उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, लेकिन इसका इस्तेमाल किसी भी वर्ग, विशेषकर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की गरिमा सर्वोपरि है और उनके सम्मान के खिलाफ किसी भी प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर बढ़ती अभद्र टिप्पणियों पर अंकुश लगाने के लिए कानून का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता के नेतृत्व में देवेश खत्री, महर्षि बाजपेयी, निलेश सिंह, राहुल सिंह, स्वर्णिम तिवारी, साहिल कश्यप, अमर राजपूत, देबाशीष दत्ता, मोनू मिश्रा, शुभम यादव, किशन यादव, पराग उइके, मनीष वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।