शिक्षा, सड़क, पेयजल, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर मंथन, स्थानीय सुझावों को कार्ययोजना में शामिल करने का भरोसा..


बिलासपुर। शहर के विकास को जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाने की दिशा में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने गुरुवार को अपने निवास कार्यालय में शाला विकास समिति और विभिन्न मोहल्ला विकास समितियों के प्रतिनिधियों के साथ सिलसिलेवार बैठकें कीं। बैठकों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने से लेकर सड़क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने समिति सदस्यों से मिले सुझावों को विकास की आगामी कार्ययोजना का हिस्सा बनाने का आश्वासन दिया।

बैठक की शुरुआत शाला विकास समिति के साथ हुई। इसमें सरकारी विद्यालयों के समग्र विकास, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, भवनों के रखरखाव और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने जैसे विषय प्रमुख रहे। समिति के सदस्यों ने स्कूलों की आवश्यकताओं और स्थानीय स्तर की समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके बाद पश्चिमी एवं दक्षिण मोहल्ला विकास समिति, मध्य एवं पूर्वी मोहल्ला विकास समिति तथा रेलवे मंडल एवं उत्तर मंडल मोहल्ला विकास समिति के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में विभिन्न वार्डों की स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। समिति सदस्यों ने पेयजल आपूर्ति, सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े सुझाव रखे।

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि किसी भी शहर का विकास केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से संभव होता है। उन्होंने कहा कि विकास समितियां स्थानीय जरूरतों को सबसे बेहतर तरीके से समझती हैं, इसलिए उनके सुझावों के आधार पर योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और जिन स्थानों पर आवश्यकताएं अधिक हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे। शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूत बनाकर बिलासपुर को अधिक व्यवस्थित, आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित समिति सदस्यों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याओं और अपेक्षाओं को विस्तार से रखा तथा विकास कार्यों में जनसहभागिता को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। विधायक ने सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार करते हुए कहा कि प्रशासन और जनता के समन्वय से ही विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार संभव है।







