छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को बढ़ावा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को मंजूरी, मिलेगी सरकारी नौकरी..

गांव से प्रतिभा खोजने और नई खेल अकादमियों पर फोकस..

रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बैठक में कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना बढ़ाने, आधुनिक सुविधाएं विकसित करने और नई खेल अकादमियां शुरू करने पर लगातार काम कर रही है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिलेगा और भविष्य में अधिक खिलाड़ी बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंच सकेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें गांव से लेकर राज्य स्तर तक खेल प्रतिभाओं की समय पर पहचान हो। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के ज्यादा अवसर मिलें, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें।

156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों का इंतजार खत्म..

छत्तीसगढ़ के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों का लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को मंजूरी दे दी गई।

बैठक में बताया गया कि इन दोनों वर्षों के लिए पहले आवेदन मंगाए गए थे। तय मानकों के आधार पर जांच के बाद 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया और उनके चयन को अंतिम रूप दिया गया। चयनित खिलाड़ी 20 अलग-अलग खेलों से हैं। अब यह सूची सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी।अधिसूचना जारी होने के बाद इन खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

सरकारी नौकरी के साथ खेल प्रशिक्षण की जिम्मेदारी..

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि चयनित खिलाड़ियों को सिर्फ सरकारी नौकरी तक सीमित न रखा जाए। उनके अनुभव का उपयोग खेल प्रशिक्षण, नई प्रतिभाओं को तैयार करने और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाए, ताकि प्रदेश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित हो सके।

पूर्व में 182 खिलाड़ियों को मिल चुका है लाभ..

सरकार के मुताबिक, इससे पहले राज्य में 182 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया जा चुका है। अब 156 नए खिलाड़ियों के चयन के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी।