दो साल में 60 से 91 इकाइयों तक पहुंचा संगठन, अब 251 इकाइयों के गठन का लक्ष्य; सुरक्षा, जागरूकता और व्यापारिक हितों पर होगा मंथन..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने संगठनात्मक मजबूती, व्यापारियों के हितों की रक्षा और सराफा कारोबार को नई दिशा देने की दिशा में दो वर्ष का सफल सफर पूरा कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में संगठन ने न केवल प्रदेशभर के सराफा व्यापारियों को एक मंच पर जोड़ने का काम किया है, बल्कि सुरक्षा, जागरूकता, डिजिटल सशक्तिकरण और कारोबारी एकजुटता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहल की है। अब संगठन अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश करते हुए नए संकल्पों और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है।

इसी कड़ी में 28 जून को बिलासपुर में प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा का भव्य आयोजन किया जा रहा है।न्यायधानी बिलासपुर में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में प्रदेशभर से लगभग पांच हजार सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर बिलासपुर जिला सराफा एसोसिएशन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
संगठन बना व्यापारियों की मजबूत आवाज..
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि पिछले दो वर्षों में संगठन ने प्रदेश के छोटे और बड़े सभी सराफा व्यापारियों को एकजुट करने का अभियान चलाया है। पहले जहां प्रदेश में केवल 60 इकाइयां सक्रिय थीं, वहीं आज उनकी संख्या बढ़कर 91 हो गई है। संगठन का अगला लक्ष्य प्रदेशभर में 251 इकाइयों का गठन कर हर जिले, तहसील और कस्बे के सराफा व्यापारियों को संगठन से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि बदलते कारोबारी दौर में संगठित रहना समय की जरूरत है। इसी उद्देश्य से व्यापारियों को नई तकनीक, डिजिटल व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक प्रक्रियाओं से जोड़ने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
सुरक्षा और जागरूकता अभियान को मिली पहचान..
एसोसिएशन ने पिछले दो वर्षों में सराफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भी कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। व्यापारियों और ग्राहकों के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए गए। साथ ही बाजार में फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार और विज्ञापनों को लेकर भी लोगों को सचेत किया गया।

कमल सोनी ने कहा कि कुछ बड़े कॉर्पोरेट ज्वेलरी ब्रांड्स द्वारा “शून्य प्रतिशत मेकिंग चार्ज” जैसे आकर्षक दावे किए जाते हैं, लेकिन ग्राहकों को ऐसे विज्ञापनों की वास्तविकता समझनी चाहिए। उन्होंने उपभोक्ताओं से खरीदारी करते समय गुणवत्ता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को प्राथमिकता देने की अपील की।
जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क सहित कई मुद्दों पर होगी चर्चा..
महासम्मेलन में सराफा व्यापार के भविष्य, व्यापारियों की सुरक्षा, नई कारोबारी चुनौतियों, कर व्यवस्था, डिजिटल लेनदेन, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क जैसी संभावनाओं तथा संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर आगामी कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।
रामदेव लॉन में होगा आयोजन..
प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा का आयोजन 28 जून, रविवार को सुबह 10 बजे से रामदेव लॉन, 36 मॉल के समीप, मंगला बिलासपुर में होगा। इससे पहले संगठन की आमसभाएं जगदलपुर और जांजगीर में सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। इस बार बिलासपुर को मेजबानी मिलने से स्थानीय व्यापारियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
सराफा कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि यह सम्मेलन प्रदेश के व्यापारियों को एक नई दिशा देने के साथ-साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। तीसरे वर्ष में प्रवेश कर रहा छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन अब प्रदेश के हर सराफा व्यापारी को एक मंच पर लाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है।







