सेंट्रल जेल में खूनी वारदात : विचाराधीन बंदी की पत्थर से कुचलकर हत्या, जेल सुरक्षा पर उठे सवाल..

बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक विचाराधीन बंदी की जेल परिसर के भीतर ही पत्थरनुमा सीमेंट के ढक्कन से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नीलू जगत (25 वर्ष), निवासी कोटा के रूप में हुई है। वह किसी मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में सेंट्रल जेल में निरुद्ध था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9:30 बजे जेल के ई-1 बैरक में बंद कैदी राजेश राय (40 वर्ष), निवासी चामरी, जिला मुंगेली ने नीलू जगत पर अचानक हमला कर दिया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार आरोपी ने बैरक में घुसकर सीमेंट के भारी ढक्कन से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद जेल कर्मियों ने तत्काल घायल बंदी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी राजेश राय पहले से ही तीन हत्याओं और दो हत्या के प्रयास के मामलों में सजा काट रहा है। ऐसे गंभीर अपराधों में बंद कैदी द्वारा जेल के भीतर इस तरह की वारदात को अंजाम दिए जाने से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

बाइट – जेल अधीक्षक केंद्रीय जेल बिलासपुर छ.ग.

इस घटना ने एक बार फिर जेलों में बंदियों की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और हाई-रिस्क कैदियों के प्रबंधन को लेकर बहस छेड़ दी है। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।

फिलहाल आरोपी बंदी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।