

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने कोयला चोरी और उसमें मिलावट करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। दीपका माइंस से निकले उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को रास्ते में ही पार कर उसमें घटिया कोयला मिलाने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सबसे अहम बात यह रही कि सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही इस पूरे नेटवर्क को क्रैक करते हुए झारखंड, दुर्ग और बिलासपुर के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

लैब टेस्टिंग से खुला करोड़ों की हेराफेरी का राज..
जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को प्रार्थी आर.के. पांडेय (निवासी न्यू लोको कॉलोनी, बिलासपुर) ने थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 9 जून को दीपका कोल माइंस से ‘एफ/जी’ ग्रेड का बेहतरीन कोयला भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्रा. लि. लोखंडी के लिए तीन ट्रेलरों (CG10BQ8285, CG12BL6247, और CG12BL6251) में लोड करवाकर रवाना किया गया था। 10 जून की सुबह जब गाड़ियां प्लांट पहुंचीं, तो लैब में कोयले की गुणवत्ता जांची गई। टेस्टिंग में पता चला कि ट्रेलरों में लदा कोयला ‘एफ/जी’ ग्रेड का है ही नहीं।
चालकों ने उगला सच, सुपरवाइजर के साथ थी सेटिंग..
कोयले की क्वालिटी फेल होने पर जब ट्रेलर चालकों – उज्जैन अंसारी, आशिक हुसैन और फजल अंसारी से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने सारा राज उगल दिया। ड्राइवरों ने बताया कि उन्होंने बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के संचालक और प्लांट सुपरवाइजर के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा था। योजना के तहत रास्ते में ही असली और महंगे कोयले को उतार लिया गया और उसकी जगह ट्रेलरों में घटिया कोयला भर दिया गया।
SSP के निर्देश पर एक्शन, ACCU और माइनिंग दस्ते ने की घेराबंदी..
इस संगठित अपराध की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी (शहर) पंकज कुमार पटेल और सीएसपी (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना सकरी, एसीसीयू (ACCU) और माइनिंग विभाग की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए सभी 6 आरोपियों को धर दबोचा।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार :
आशिक हुसैन अंसारी (23) – निवासी गढ़वा, झारखंड
फैजान रजा अंसारी (23)- निवासी गढ़वा, झारखंड
फुजैल अंसारी (28) – निवासी गढ़वा, झारखंड
गौरव राजपूत (28) – निवासी रतनपुर, बिलासपुर
सीबू खान (29) – निवासी रतनपुर, बिलासपुर
दिलीप कुमार यादव (36) – निवासी भिलाई नगर, जिला दुर्ग
पुलिस ने थाना सकरी में अपराध क्रमांक 552/2026 के तहत बीएनएस की धारा 116(3), 117(4), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।



