

मुक्ति धाम में की साफ-सफाई,’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए पौधे..

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला बिलासपुर शहर द्वारा गुरुवार को सिंधी कॉलोनी स्थित कस्तूरबा नगर मुक्ति धाम में विशेष स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मुक्ति धाम परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की। इसके बाद प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, बुनियादी ढांचे के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाले सामाजिक अभियान हैं।
उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान लोगों को अपनी मां के सम्मान के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश देता है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर पार्षद श्याम साहू, सन्नी केसरी, पार्षद अंचल दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छ भारत और हरित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में रोशन सिंह, केतन वर्मा, महर्षि बाजपेई, निलेश सिंह, सुरेश वाधवानी, नितिन पटेल, विजय यादव, संजय अग्रवाल, अमर राजपूत, संदीप श्रीवास, कोमल साहू, भानु श्रीवास, स्वर्णिम तिवारी, गुलशन खांडेकर, विवेक ताम्रकार, अनीश गुप्ता, रोहित मिश्रा, मोनू मिश्रा, संस्कार सोनी, अनिकेत श्रीवास सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश देने वाला यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा तथा लोगों को हरित और स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करता नजर आया।



