

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दो सात वर्षीय मासूम बच्चियों के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। पीड़ित परिवार ने थाना पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने, महत्वपूर्ण साक्ष्यों की अनदेखी करने तथा समझौते के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के समक्ष पहुंचने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है और पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं।



पीड़ित परिजनों द्वारा सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घटना की जानकारी मिलने के बावजूद पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की। परिजनों को दिनभर थाना और अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़े। उनका कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही मामला दर्ज किया गया।
परिवार का आरोप है कि बच्चियों ने अपने बयान में बताया था कि आरोपी उन्हें रस्सी से बांधकर रखता था। इस संबंध में पुलिस को संभावित भौतिक साक्ष्यों की जानकारी भी दी गई थी, लेकिन समय रहते उन्हें जब्त नहीं किया गया। परिजनों का कहना है कि इससे मामले की जांच प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद बच्चियों को लगातार शारीरिक तकलीफ और मानसिक आघात का सामना करना पड़ रहा था, इसके बावजूद पुलिस ने अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई। परिजनों का आरोप है कि बच्चियों से बार-बार पूछताछ की गई, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हुईं।
समझौते के दबाव का आरोप..
पीड़ित परिवार ने थाना प्रभारी सहित जांच से जुड़े कुछ पुलिस अधिकारियों पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि परिवार पर यह कहते हुए मामले को समाप्त करने का दबाव बनाया गया कि आरोपी परिचित और पड़ोसी है। परिजनों का कहना है कि इस तरह के रवैये से उनका पुलिस व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष की ओर से लगातार दबाव और धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वे भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। उन्होंने सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
एसएसपी ने जांच के दिए निर्देश..

मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस की भूमिका और लगाए गए आरोपों की जांच एडिशनल एसपी सिटी को सौंपी गई है।
बाइट – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह
एसएसपी ने कहा है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या कर्तव्य में चूक पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निष्पक्ष जांच की मांग..
पीड़ित पक्ष ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा है कि सभी संभावित साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित किया जाए तथा पूरे घटनाक्रम की जांच वरिष्ठ स्तर के अधिकारी से कराई जाए। उनका कहना है कि इससे न केवल दोषियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी, बल्कि पीड़ित बच्चियों को न्याय मिलने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

फिलहाल पूरे मामले पर एडिशनल एसपी सिटी की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



