बिलासपुर पुलिस के रडार पर शहर के चाकूबाज,थाने बुलाकर 6 हिस्ट्रीशीटरों को दी गई सख्त हिदायत..

बिलासपुर। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर लगाम कसने के लिए बिलासपुर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। तोरवा पुलिस ने इलाके के चाकूबाजों और आदतन अपराधियों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को तोरवा थाने की पुलिस ने जेल से छूटकर आए छह हिस्ट्रीशीटरों और चाकूबाजों को सीधा थाने तलब किया। पुलिस ने इन सभी की वर्तमान गतिविधियों की जांच की और भविष्य में अपराध से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।

पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के सख्त निर्देश पर जिले भर में यह अभियान चलाया जा रहा है। तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने अपनी टीम के साथ मिलकर इलाके के उन अपराधियों का सत्यापन शुरू कर दिया है जो पहले चाकूबाजी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल की सजा काट चुके हैं। पुलिस इलाके के ऐसे सभी बदमाशों पर लगातार अपनी नजर बनाए हुए है।

इन बदमाशों की थाने में लगी क्लास..

तोरवा पुलिस ने जिन छह आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर चेतावनी दी है उनमें सिरगिट्टी चुचुहियापारा निवासी 21 साल का रिजवान खान,तोरवा बुधवारी बाजार का 22 साल का आदित्य कलसहा,लालखदान तोरवा का 30 साल का उमेश श्रीवास,सिरगिट्टी गणेश नगर का 27 साल का सोनू खान, सिरगिट्टी अटल आवास का 24 साल का शाहरुख खान और तोरवा देवरीखुर्द का 29 साल का करन बनर्जी शामिल है। इन सभी के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।

माहौल खराब किया तो सीधे जाएंगे जेल..

थाने में मौजूद इन सभी बदमाशों को पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है। पुलिस ने कहा है कि अगर वे क्षेत्र में किसी भी तरह से कानून व्यवस्था भंग करते धारदार हथियार रखते या आम लोगों में डर का माहौल बनाते हुए पाए गए तो उन पर बेहद कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तोरवा पुलिस इलाके में लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। अड्डेबाजी करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर छापामार कार्रवाई की जा रही है।