

बिहार-झारखंड से बुलाए गए थे शूटर, लूट के लिए रची गई थी पूरी साजिश..

देसी कट्टा, कारतूस, लूटे गए जेवर और मोबाइल बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी..
पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और लाखों रुपये के जेवरात लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में पेंड्रा निवासी सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी अपनी दुकान समेटकर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। उनके पास सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने बैग लूटने का प्रयास किया। व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने बेहद करीब से गोली चला दी। गोली लगने से प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वारदात से पहले कई दिनों तक की रेकी..
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने घटना को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक सराफा व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रखी थी। मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने अपने भतीजे राजाराम साहू और बिहार-झारखंड के साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी योजना बनाई थी।
जांच में पता चला कि 23 मई को ही आरोपी क्षेत्र में पहुंच गए थे और कोटमीकला सहित आसपास के साप्ताहिक बाजारों में सराफा व्यापारियों की दिनचर्या और गतिविधियों की रेकी कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने वारदात को अंजाम देने की योजना को अंतिम रूप दिया।
विरोध करने पर मार दी गोली..
26 मई की शाम करीब सात बजे आरोपियों ने प्रदीप सोनी को निशाना बनाया। जैसे ही व्यापारी अपनी दुकान बंद कर वाहन की ओर बढ़े, आरोपियों ने बैग छीनने की कोशिश की। प्रदीप सोनी द्वारा विरोध करने पर छीना-झपटी के दौरान बदमाशों ने अवैध हथियार से गोली चला दी। गोली सीने में लगने से व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया था।
देवरीखुर्द में बांटे गए लूट के जेवर..
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी देवरीखुर्द पहुंचे, जहां लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया। सबूत मिटाने के लिए आभूषणों की पैकिंग सामग्री और डिब्बों को जला दिया गया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने टेकरी क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा लूटे गए जेवरों का हिस्सा बरामद किया है। साथ ही घटना में उपयोग किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी..

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है –
खुशीराम साहू, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर
राजाराम साहू, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर
गया प्रसाद रजक, निवासी करौंदानार, देवरीखुर्द,
चौकी कोटमीकला, जिला जीपीएम पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल झारखंड और बिहार के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को दूसरे राज्यों में भेजा गया है।
हत्या के बाद फूटा था जनाक्रोश..
व्यापारी की हत्या के बाद पूरे पेंड्रा क्षेत्र में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला था। परिजन और व्यापारी संगठनों ने शव को दुर्गा चौक पर रखकर चक्काजाम किया था और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। अगले दिन नगर बंद का भी आह्वान किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग स्वयं देर रात घटनास्थल पहुंचे थे और विशेष जांच टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस की बड़ी सफलता..
लगातार कई दिनों तक चली जांच, तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस वारदात में शामिल बाकी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में जीपीएम जिला पुलिस, साइबर सेल, एसीसीयू बिलासपुर और बिलासपुर रेंज की विभिन्न पुलिस इकाइयों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



