

स्टंटबाजी करने वाले कार चालक पर केस दर्ज, कोनी पुलिस की कार्रवाई..

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने और रील बनाने की होड़ अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। बिलासपुर में चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंटबाजी करने का मामला सामने आया है। इस खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
मामला थाना कोनी क्षेत्र का है, जहां तुर्काडीह-सकरी बाईपास रोड पर देर रात एक आर्टिका कार में खतरनाक स्टंट किया गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार की छत पर एक युवती बैठी हुई है, जबकि चालक सड़क पर लापरवाहीपूर्वक वाहन दौड़ा रहा है। इस दौरान युवती रील बनाती नजर आ रही है। स्टंट के दौरान न केवल युवती की जान खतरे में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी दांव पर लग गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी धर्मेंद्र सूर्यवंशी, निवासी सेंदरी ने थाना कोनी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 24 मई 2026 की रात लगभग 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच मौहारपारा-निरतू रतनपुर रायपुर रोड पर आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 का चालक तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था।
देखें वॉयरल वीडियो..
रिपोर्ट में बताया गया कि चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठाकर स्टंट किया, जिससे गंभीर हादसे की आशंका बन गई थी। शिकायत के आधार पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 263/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया रील के लिए बढ़ रहा जानलेवा ट्रेंड..
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आजकल सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए युवा खतरनाक स्टंट कर रहे हैं।सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं को भी न्योता देती हैं।
बिलासपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी न करें। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना और जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है।
पुलिस की सख्त चेतावनी..
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सोशल मीडिया रील या वायरल वीडियो के लिए लोगों की जान जोखिम में डालने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।



