बिलासपुर में घर में घुसकर चाकूबाजी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार एक नाबालिग भी पकड़ाया एसएसपी के निर्देश पर जुड़ी हत्या के प्रयास की धारा..

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में 17 मई की रात घर में घुसकर गाली गलौज और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए इस गंभीर वारदात में शामिल तीन बालिग आरोपियों के साथ ही एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया है। वहीं पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 भी जोड़ दी है। फरार अन्य आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

वारदात की रात मचाया था आतंक..

पुलिस अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 की रात आरोपियों ने प्रार्थी के घर में जबरन घुसकर जमकर आतंक मचाया था। आरोपियों ने पहले घर के भीतर जमकर गाली गलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने प्रार्थी के पैर में चाकू से जानलेवा हमला कर दिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घायल प्रार्थी की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में तत्काल अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।

एसएसपी के सख्त निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई..

इस खौफनाक घटना के बाद प्रार्थी ने न्याय की गुहार लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस कार्यालय में भी एक विस्तृत आवेदन प्रस्तुत किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया और सिरगिट्टी थाना प्रभारी को फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को दबोच लिया।

ये आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे..

पुलिस की इस कार्रवाई में अविनाश मसीह उर्फ बट्टू पुनीत राव गजवे और पीयूष रजक को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा वारदात में शामिल एक अपचारी बालक को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बढ़ाई गई धाराएं अन्य की तलाश जारी..

विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और मौके पर मौजूद चश्मदीद गवाहों के विस्तृत बयान दर्ज किए हैं। मेडिकल रिपोर्ट में प्रार्थी को आई गंभीर चोट और गवाहों के कथन के आधार पर पुलिस ने अब इस पूरे प्रकरण में धारा 109 बीएनएस जोड़ दी है। सिरगिट्टी पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में कुछ अन्य असामाजिक तत्वों के भी शामिल होने की जानकारी मिली है। उनकी पता तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई तेजी से जारी है और जल्द ही बचे हुए आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।