

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत परियोजना क्षेत्र में गुरुवार को एक ठेका कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। एमजीआर रेल लाइन पर युवक का शव मिलने से परियोजना क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद कर्मचारियों और श्रमिकों में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे एनटीपीसी सीपत के एमजीआर रेल ट्रैक के पास सीआईएसएफ के जवानों ने एक युवक का शव देखा। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मौके पर मौजूद पुलिस और अधिकारियों की जांच के दौरान मृतक की पहचान अमृतांशु सिंह पिता धनंजय सिंह के रूप में हुई। वह बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलवाई का निवासी था।
बताया जा रहा है कि अमृतांशु सिंह एनटीपीसी सीपत में स्टेज-3 निर्माण कार्य में लगी मेसर्स आरवीपीआर एजेंसी में स्टाफ के रूप में कार्यरत था और पिछले कुछ समय से परियोजना क्षेत्र में रहकर काम कर रहा था।
घटना की खबर मिलते ही परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों और श्रमिकों में दुख का माहौल बन गया। कई सहकर्मी मौके पर पहुंचे और घटना पर गहरा दुख जताया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।



