युवा चेहरे पर कांग्रेस का भरोसा : सुनील साहू बने जिला कांग्रेस ग्रामीण ओबीसी विभाग के अध्यक्ष..

बिलासपुर। कांग्रेस पार्टी ने संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाते हुए सक्रिय युवा नेता एवं युवा कांग्रेस बिल्हा विधानसभा अध्यक्ष सुनील साहू को जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण (ओबीसी विभाग) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की।

सुनील साहू लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और छात्र राजनीति से लेकर युवा कांग्रेस तक लगातार सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं आम जनता की समस्याओं को कई मंचों पर मजबूती से उठाया है।संगठनात्मक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ के कारण वे क्षेत्र में एक लोकप्रिय युवा नेता के रूप में पहचान बना चुके हैं।

राजनीतिक रूप से भी उनका परिवार लगातार सक्रिय रहा है। उनकी पत्नी नगर पालिका बोदरी से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुकी हैं। वहीं सुनील साहू स्वयं भी सामाजिक गतिविधियों और जनसंपर्क के माध्यम से आम लोगों के बीच लगातार जुड़े रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनकी मेहनत, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र में साहू समाज को प्रभावशाली मतदाता वर्ग माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा समाज के युवा और सक्रिय चेहरे को नेतृत्व देना राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे कांग्रेस संगठन को ग्रामीण क्षेत्र में नई मजबूती मिल सकती है।

नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील साहू ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करना और युवाओं, किसानों, मजदूरों तथा पिछड़ा वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाना रहेगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुनील साहू के नेतृत्व में बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले समय में कांग्रेस और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।