मरवाही में फिर दिखा दुर्लभ सफेद भालू : अचानक सामने आने से मचा हड़कंप, ग्रामीण पर किया जानलेवा हमला..

पेंड्रा-गौरेला-मरवाही। छत्तीसगढ़ का मरवाही वन मंडल एक बार फिर अपने दुर्लभ ‘सफेद भालू’ (White Sloth Bear) को लेकर सुर्खियों में आ गया है। रविवार को आमाडांड और बसंतपुर के बीच जंगल में एक वयस्क सफेद भालू नजर आया। दुर्लभ सफेद भालू के अचानक सामने आ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। इसी दौरान भालू ने एक ग्रामीण पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया है। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है।

जंगल गए ग्रामीणों से हुआ आमना-सामना..

जानकारी के मुताबिक, रविवार को आमाडांड गांव के कुछ ग्रामीण किसी काम से जंगल की ओर गए हुए थे। इसी दौरान आमाडांड और बसंतपुर के बीच घने जंगल में उनका सामना अचानक इस दुर्लभ सफेद भालू से हो गया। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते और खुद को बचाते, भालू ने आक्रामक रुख अपनाते हुए आमाडांड के रहने वाले एक अधेड़ व्यक्ति पर हमला कर दिया। भालू के इस अचानक हुए हमले से ग्रामीण घायल हो गया। घटना के वक्त वहां मौजूद अन्य लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए जमकर शोर मचाया और भारी मशक्कत के बाद भालू को वापस घने जंगल की ओर खदेड़ने में कामयाबी हासिल की। इसके तुरंत बाद घायल ग्रामीण को आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल..

इलाके में दुर्लभ सफेद स्लॉथ बियर के दिखाई देने और ग्रामीण पर हमले की खबर इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई। खबर सुनते ही मौके पर बड़ी संख्या में आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ उत्साही लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाते हुए इस दुर्लभ भालू का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। सफेद भालू का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट..

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई है। वन अमले ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि वे फिलहाल जंगल की ओर बिल्कुल न जाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह एक बेहद दुर्लभ प्रजाति का भालू है और इसके आसपास भीड़ लगाना या इसे उकसाना जानलेवा साबित हो सकता है।

गौरतलब है कि मरवाही का जंगल पहले भी सफेद भालुओं की मौजूदगी के कारण राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र रह चुका है। वन विभाग लगातार इन दुर्लभ वन्यजीवों की गतिविधियों की ट्रैकिंग और निगरानी कर रहा है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर तुरंत स्थानीय वन अधिकारियों को सूचित करें।