

सरकंडा क्षेत्र में घटना से फैली दहशत, आक्रोशित लोगों ने किया थाने का घेराव..

बिलासपुर। शहर में बढ़ते अपराधों के बीच एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौक में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
मृतक की पहचान अभिषेक यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मोपका गुड़ी मोहल्ला का निवासी और बीए सेकेंड ईयर का छात्र था। घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक के छोटे चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16 वर्ष) का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और करीब 5 युवकों ने मिलकर ओमप्रकाश के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
अपने भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने धारदार हथियार से उस पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इधर, जान बचाकर भागे ओमप्रकाश का पीछा आरोपी करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गए। वह किसी तरह अंदर घुसकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव और प्रदर्शन किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।



