

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मध्यप्रदेश के तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ऑटो से उतरकर पीठू बैग में गांजा भरकर ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 लाख रुपये कीमत का 20 किलो गांजा बरामद किया है।

मुखबिर से मिली थी सूचना, एसएसपी के निर्देश पर एक्शन..
जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ज्वाली नाला के पास तीन युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं और उनके पास बैग में गांजा है, जिसे वे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली से एक विशेष टीम का गठन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (IPS) को मामले से अवगत कराया गया। आला अधिकारियों के सख्त दिशा-निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।
घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर, बैग में मिला माल..
पुलिस टीम ने ज्वाली नाला के पास घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में वे गोलमोल जवाब देने लगे। जब पुलिस ने उनके पीठू बैग की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में गांजा मिला।
गिरफ्तार आरोपी और बरामद गांजे का विवरण :
आदित्य कुचबदिया (21), निवासी सनौधा, जिला सागर (म.प्र.)
बरामद : 07 किलोग्राम गांजा (कीमत करीब ₹3,50,000)
पंकज कुचबदिया (21), निवासी सुखीसेवनिया, जिला भोपाल (म.प्र.)
बरामद : 07 किलोग्राम गांजा
कोहिनूर कुचबदिया (19)निवासी पथरिया, जिला दमोह (म.प्र.)
बरामद : 06 किलोग्राम गांजा (कीमत करीब ₹3,00,000)
पुलिस ने कुल 20 किलोग्राम गांजा विधिवत जब्त किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है।
जेल भेजे गए आरोपी, ‘एंड-टू-एंड’ विवेचना जारी..
सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 257/2026 दर्ज करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(B) और 29 के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए ‘एंड-टू-एंड’ (End-to-End) विवेचना की जा रही है। इस धंधे में शामिल अन्य तस्करों और लोकल कनेक्शन की भी बारीकी से जांच की जा रही है, जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



