भव्य स्वागत के साथ पेंड्रा में महामंडलेश्वर माँ योग योगेश्वरी यती जी का आगमन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद..

पेंड्रा। पटियाला हाउस पेंड्रा में परम पूज्य महामंडलेश्वर 1008 माँ योग योगेश्वरी यती जी के पावन आगमन पर एक भव्य एवं दिव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित हुए और पूज्य माताजी के दर्शन कर उनके आशीर्वाद से स्वयं को धन्य किया।

कार्यक्रम में संत स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य जी एवं स्वामी परमात्मानंद जी की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी आध्यात्मिक बना दिया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में माँ योग योगेश्वरी यती जी ने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, धर्म के प्रति अटूट आस्था और समाज सेवा ही सच्ची पूजा है। उन्होंने कहा कि जब हर व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करता है, तभी राष्ट्र सशक्त और समृद्ध बनता है।

कार्यक्रम में क्षेत्र संपर्क प्रमुख विजय देवांगन ने नर्मदा अंचल की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह भूमि अत्यंत पवित्र और गौरवशाली है, जहाँ भगवान शिव ने साधना की थी। उन्होंने सभी से इस संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे संतों का सान्निध्य मिलना अत्यंत सौभाग्य की बात है। संतों के आशीर्वचन हमें धर्म, संस्कार और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने समाज में एकता, जागरूकता और सकारात्मकता फैलाने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद हर्ष छाबरिया ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों का सान्निध्य समाज को सही दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करता है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और धर्म के प्रति आस्था को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्रकाश साहू (जिला मंत्री, विश्व हिंदू परिषद) द्वारा किया गया। आयोजन में बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी एवं भारत विकास परिषद के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस भव्य आयोजन में तीरथ प्रसाद बड़गैया, पुरुषोत्तम नाथ, अरुण चौहान, विजया उर्मिलिया, अनिल सिंह, सुरेश जायसवाल, उपेंद्र बहादुर सिंह, राकेश चतुर्वेदी, कन्हैया राठौर, रामजी श्रीवास, बृजलाल राठौर, मनीराम केवट, रविशंकर चौबे, सागर पटेल, निखिल परिहार, सरोज पवार, प्रिया त्रिवेदी, संतोषी साहू, विभा तिवारी, अनीता माझी, रामेश्वरी धुर्वे, उषा गुप्ता, बृजेश सोनी, रविंद्र केवट, शैलेश जायसवाल, प्रहलाद साहू, राकेश श्रीवास, ब्रजेश पुरी, महेंद्र शुक्ला, नत्थू प्रसाद गुप्ता, दिशा मानिकपुरी, कुसुम गौतम, उत्तम राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह का वातावरण बना दिया।